यूपी से दुबई गई युवती को फांसी की सजा !

बांदा (उत्तर प्रदेश)। बांदा के रहने वाले एक परिवार की बेटी को दुबई में फांसी की सजा सुनाये जाने का मामला यहां चर्चाओं में है। लड़की के पिता के पास आई एक फोनकाल में बताया कि आपकी बेटी जेल में है। उसे 20 सितंबर के बाद किसी भी वक्त फांसी हो सकती है। यह सुनकर परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
दरसल शहजादी नाम की युवती का फेसबुक के जरिए आगरा के रहने वाले उजैर से संपर्क हुआ तो वह उसके प्रेम जाल में फंस गई। इसके बाद उसने शहजादी को आगरा बुला लिया। युवती के माता-पिता के अनुसार बचपन में खाना बनाते समय शहजादी का चेहरा झुलसने से वह खराब हो हो गया था उजैर ने उसके चेहरे का इलाज दुबई में कराने का झांसा देकर शहजादी का सौदा दुबई में रहने वाले फैज और नादिया दंपति से कर दिया। जहां वह घरेलू काम करती थी। शहजादी के माता-पिता का कहना है कि दुबई में फैज दंपति का बच्चा बीमार था। जिसकी इंजेक्शन लगने के बाद मौत हो गई थी। जिसके बाद उस दंपति ने बेटी शहजादी पर हत्या का आरोप लगा दिया। दुबई की अदालत ने चार महीने पहले बच्चे की हत्या के आरोप में शहजादी को फांसी की सजा सुनाई है।
इस बीच जानकारी मिली है कि शहजादी के पिता ने आरोपियों के खिलाफ बांदा में मानव तस्करी और धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कराया है। माता-पिता का कहना है कि उनकी बेटी बेकसूर है। उसे फंसाया गया है।

Leave a comment